शब्दों की शक्ति और सोच का बदलाव:
"शब्दों की शक्ति और सोच का बदलाव: एक छोटी-सी रात की बातचीत"
लेखक: भूपेन्द्र दाहिया
![]() |
| हर दिन हम बात करते हैं, लेकिन आज की बातों में कुछ ऐसा हो, जिससे थोड़ी सीख मिले।" |
हेलो दोस्तो,
मैं भूपेन्द्र दहिया, आज फिर से एक छोटी-सी लेकिन बहुत गहरी सीख आपसे साझा कर रहा हूँ, जो मुझे मेरी पत्नी के साथ एक सामान्य बातचीत के दौरान मिली।
हम दोनों एक रात फोन पर बात कर रहे थे। काफी देर बातें करने के बाद मेरी पत्नी ने कहा,
"चलो अब सोते हैं, मुझे सुबह उठकर काम करना होता है।"
मैंने भी सहमति में कहा, “ठीक है।” लेकिन जब हम कॉल बंद करने ही वाले थे, तभी उसने मुस्कराकर कहा,
"हर दिन हम बात करते हैं, लेकिन आज की बातों में कुछ ऐसा हो, जिससे थोड़ी सीख मिले।"
मैंने सोचा और कहा, “ठीक है, चलो आज चर्चा करते हैं तुम्हारी दिनचर्या पर।”
पत्नी ने चौंककर पूछा, “मेरी दिनचर्या में क्या खास है?”
मैंने कहा, “जो तुम हर दिन करती हो, वही खास है — लेकिन जिस नजरिए से तुम उसे देखती हो, वो और भी खास हो सकता है।”
उसने पूछा, “कैसे?”
मैंने समझाया,
“तुम अपने कामों को जैसे करती हो, उसमें अक्सर एक शब्द आता है – ‘पड़ता है’, जैसे – करना पड़ता है, उठना पड़ता है, खाना बनाना पड़ता है। ये ‘पड़ता है’ शब्द असल में तुम्हें ‘मजबूरी’ का एहसास देता है। और ये मजबूरी धीरे-धीरे मन और बुद्धि को थका देती है।”
वो सोच में पड़ गई। फिर बोली, “तो फिर क्या कहें?”
मैंने मुस्कराकर कहा,
“अगर तुम कहो – ‘मुझे करना है’, या ‘मैं करती हूं’, तो वही काम अब एक मजबूरी नहीं, तुम्हारी जिम्मेदारी और पसंद बन जाएगा। फर्क सिर्फ शब्दों का है, लेकिन असर बहुत गहरा होता है।”
मैंने उसे एक उदाहरण दिया:
“जैसे कोई छात्र परीक्षा से पहले कहता है – ‘पढ़ना पड़ रहा है’, इसका मतलब है वो पढ़ाई को बोझ समझ रहा है। लेकिन वही कह दे – ‘मैं पढ़ रहा हूँ’, तो उसका आत्मविश्वास और सोच दोनों सकारात्मक हो जाएंगे।”
इस चर्चा का निष्कर्ष क्या है?
हमारा जीवन छोटे-छोटे शब्दों और विचारों से ही बनता है।
अगर हम हर काम को मजबूरी नहीं बल्कि एक अवसर, एक जिम्मेदारी, और एक सकारात्मक कर्म के रूप में लें,
तो हमारा दृष्टिकोण बदल जाता है।
हम नकारात्मकता से बाहर निकलकर, ऊर्जा और उत्साह से भरे इंसान बन जाते हैं।
अंत में:
तो दोस्तों, अगली बार जब आप बोलें कि “काम करना पड़ता है”,
तो थोड़ा रुकिए… और सोचिए,
क्या आप ये भी कह सकते हैं – “मैं काम कर रहा हूँ”?
छोटे-छोटे शब्दों में ही छिपा है बड़ा बदलाव।
आपका दोस्त
भूपेन्द्र दाहिया
👇 आपका विचार कैसा लगा? कमेंट में जरूर बताएं। मैं फिर आऊंगा एक नई कहानी, एक नए अनुभव के साथ…
ब्लॉग dahiyabhupend.blogspot.com

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें
“अगर पोस्ट पसंद आई हो तो साझा करें और अपने सुझाव बताएँ।”